क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


- थिंकइट के जरिए विचारों को मिलेगा 21 लाख का मंच -16 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति ले सकेगा हिस्सा; नवाचार को बढ़ावा देने के लिए खुला मंच :: इंदौर (ईएमएस)। समाज में सकारात्मक बदलाव और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रेनेसां यूनिवर्सिटी ने थिंकइट – विचारों का मैराथन नामक एक महत्वाकांक्षी पहल की शुरुआत की है। यह एक ओपन आइडिया इन्विटेशन प्लेटफॉर्म है, जहाँ रचनात्मक मस्तिष्क अपने मौलिक विचारों को साझा कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला सकते हैं। इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि 21 सबसे प्रभावशाली विचारों को कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। रेनेसां यूनिवर्सिटी के चांसलर स्वप्निल कोठारी ने इस संकल्पना को स्पष्ट करते हुए कहा कि थिंकइट केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक प्रगतिशील समुदाय है। आज के युग में एक सशक्त विचार न केवल नया उद्यम खड़ा कर सकता है, बल्कि पूरे समाज को नई दिशा भी दे सकता है। यूनिवर्सिटी का लक्ष्य उन निडर विचारकों को सशक्त बनाना है जो समस्याओं का समाधान ढूंढने और भविष्य के सपने देखने का साहस रखते हैं। यह पहल प्रदेश में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। :: सभी क्षेत्रों के लिए खुला द्वार :: थिंकइट की विशिष्टता इसकी व्यापकता है। इसमें किसी विशेष क्षेत्र या विषय की कोई सीमा नहीं रखी गई है। प्रतिभागी शिक्षा, टेक्नोलॉजी, पर्यावरण, स्वास्थ्य, सामाजिक सरोकार, व्यवसाय, कला या किसी भी अन्य क्षेत्र से जुड़े अपने मौलिक और प्रभावी विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। मंच का उद्देश्य उन लोगों को सामने लाना है जो समस्याओं को अलग नजरिए से देखते हैं और उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने की क्षमता रखते हैं। :: कौन और कैसे कर सकता है भागीदारी :: इस मंच पर 16 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। इसमें विद्यार्थी, प्रोफेशनल्स, उद्यमी, स्टार्टअप संस्थापक, क्रिएटर्स और स्वतंत्र विचारकों के लिए समान अवसर हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया को अत्यंत सरल बनाया गया है। इच्छुक प्रतिभागियों को बुनियादी पंजीकरण के बाद एसएमएस या व्हाट्सऐप के माध्यम से एक लिंक प्राप्त होगा, जहाँ वे लिखित रूप में अपना विचार साझा कर सकेंगे। यह पहल युवाओं को अपने विचारों को वास्तविक परियोजना या स्टार्टअप के रूप में विकसित करने में आर्थिक और वैचारिक सहायता प्रदान करेगी। प्रकाश/05 फरवरी 2025