क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


- महापौर संजू देवी राजपूत ने हरी झंडी दिखा जत्थे को किया रवाना कोरबा (ईएमएस) छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत कोरबा से 35 तीर्थयात्रियों का दल पवित्र अयोध्याधाम के लिए रवाना हुआ। नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत से महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने पार्षदों एवं निगम अधिकारियों की उपस्थिति में तीर्थयात्री बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महापौर ने तीर्थयात्रियों को तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। उक्त कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, अजय गोंड, ममता यादव, पार्षद रामकुमार साहू, युगल किशोर कैवत्र्य, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, प्रकाश अग्रवाल, अरविंद सिंह, दीनदयाल साहू, संजय भास्कर, संतोष यादव, दानेश्वर, छन्नू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने तीर्थयात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रभु श्रीरामलला के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं को रवाना करने का अवसर सौभाग्य का विषय है। उन्होंने ईश्वर से कामना की कि सभी तीर्थयात्रियों की यात्रा मंगलमय हो और वे अयोध्याधाम पहुंचकर श्रीरामलला के चरणों में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करें। उल्लेखनीय है कि श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत प्रदेश के नागरिकों को प्रतिमाह अयोध्याधाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन कराए जा रहे हैं, जिसका सम्पूर्ण व्यय राज्य शासन द्वारा वहन किया जाता है। इसी कड़ी में कोरबा से रवाना हुआ यह दल बस के माध्यम से बिलासपुर के उस्लापुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगा, जहां से विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्याधाम रवाना होकर श्रद्धालु दर्शन लाभ प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर तीर्थयात्रियों ने श्रीरामलला दर्शन योजना की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस योजना से साधारण परिवारों के लोगों को भी प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। 05 फरवरी / मित्तल