- जूनी इंदौर पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा - टाटा एस और आई-20 कार बरामद, कुल 10 लाख के वाहन जब्त - 500 सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़े गए आरोपी इंदौर (ईएमएस)। शहर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद जूनी इंदौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चार पहिया वाहनों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को दबोच लिया है। इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि चोरी गई आई-20 कार को उसके पूर्व मालिक ने ही योजनाबद्ध तरीके से चुराया था। पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी की रात गुलजार चौराहे से एक टाटा एस और मोरी वाले बाबा दरगाह के पास से एक हुंडई आई-20 कार चोरी हुई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जिसने शहर के लगभग 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। :: कार बेच दी थी, लेकिन अपने पास रखी थी दूसरी चाबी :: सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सिमरोल के पास से टाटा एस बरामद की। वहीं, आई-20 कार की तलाश करते हुए पुलिस ग्राम बंजारी पहुंची, जहाँ आरोपी रमीज राजा खान के गोडाउन से कार बरामद हुई। पूछताछ में रमीज ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने यह कार करीब दो साल पहले मोहम्मद सोहेल को बेची थी, लेकिन कार अभी भी रमीज के नाम पर ही थी। इसी का फायदा उठाकर रमीज ने कार की रेकी की और गैरेज के बाहर से उसे दूसरी चाबी की मदद से उड़ा लिया। :: पुलिस टीम की तत्परता :: एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल और एसीपी विजय चौधरी ने बताया कि पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी रमीज और अन्य साथियों को घेराबंदी कर पकड़ा। इस सराहनीय कार्रवाई में जूनी इंदौर थाना प्रभारी सहित किशोर सोनगरा, श्याम मालवीय, योगेश जाट और अन्य आरक्षकों की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। जब्त किए गए दोनों वाहनों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।