कवर्धा,(ईएमएस)। कबीरधाम जिले के विकासखंड सहसपुर लोहारा अंतर्गत संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कायाकल्प आयुष 2024 के तहत स्वच्छता, सुव्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राज्य में द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कायाकल्प आयुष 2024 के तहत 1172 संस्थाओं को पछाड़कर दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ ने स्वच्छता, सुव्यवस्थित व्यवस्था, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और गुणवत्तापूर्ण आयुष सेवाओं का उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत किया है, वह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आगे कहा कि कायाकल्प आयुष का उद्देश्य संस्थान की कार्यप्रणाली, रोगी संतुष्टि, औषधि उपलब्धता, उपचार की गुणवत्ता और समग्र स्वास्थ्य वातावरण को बेहतर बनाना है। सिंघनगढ़ की टीम ने इन सभी मानकों पर बेहतरीन प्रदर्शन कर यह सिद्ध बताया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं दी जा सकती हैं। कलेक्टर श्री वर्मा ने चिकित्सा अधिकारियों, आयुष चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ एवं सहयोगी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीमवर्क का परिणाम है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजय श्रीवास्तव ने बताया कि कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में स्वच्छ वातावरण, सुव्यवस्थित व्यवस्था, बेहतर उपचार सुविधाएं और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के कारण आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ केंद्र निरंतर लोगों का विश्वास जीत रहा है। केंद्र में कार्यरत चिकित्सकों और कर्मचारियों प्रभारी डॉ. निर्मला पटेल, फार्मेसिस्टि आयुर्वेद विद्यासिंह धुर्वे और डॉ. प्रीती उइके की टीम भावना, नवाचार और सेवा भाव के चलते यह उपलब्धि संभव हो पाई है। इस सम्मान से कर्मचारियों का उत्साह और बढ़ा है तथा भविष्य में और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए नई प्रेरणा मिली है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/05 फरवरी 2026