क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


० मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह आयोजन में हुआ “जंबूरी 2.0” घोटाला रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल ने मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह आयोजन को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 10 फरवरी को साइंस कॉलेज मैदान, रायपुर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह कार्यक्रम, जिसे महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित किया जाना है, उसमें पहले से ही “जंबूरी 2.0” जैसा घोटाला दिखाई दे रहा है।श्री हरितवाल ने बताया कि इस आयोजन में टेंडर प्रक्रिया और प्रस्तुतिकरण (प्रेजेंटेशन) शुरू होने से पहले ही 50 प्रतिशत से अधिक काम मैदान पर पूरा हो चुका है, जबकि अब तक विभाग द्वारा किसी को भी वर्क ऑर्डर जारी नहीं किया गया है। यह स्थिति स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। उन्होंने कहा कि ठीक इसी तरह की अनियमितताएं पूर्व में जंबूरी घोटाले में भी की गई थीं और अब वही मॉडल मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना में दोहराया जा रहा है। ना कोई प्रेजेंटेशन हुआ, ना फाइनेंशियल बिड खुली, ना वर्क ऑर्डर जारी हुआ, लेकिन इसके बावजूद जमीन पर बड़े पैमाने पर काम पूरा हो जाना यह दर्शाता है कि पूरा खेल पहले से तय है। इस घोटाले में मुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े की भूमिका पूरी तरह संदेह के घेरे में है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 5 फरवरी 2026 को प्रस्तुतिकरण के लिए 5 फर्मों को आमंत्रित किया है, जिसमें ड्राइंग, डिजाइन और लेआउट देना है। इसके बाद डिजाइन अप्रूव होगी, फिर फाइनेंशियल बिड खुलेगी और सबसे कम दर वाली फर्म को टेंडर मिलेगा—तो इस पूरी प्रक्रिया से पहले मैदान में काम कैसे चल रहा है? जब अभी तक यह घोषित ही नहीं हुआ कि वर्क ऑर्डर किसे मिला है, तो साइंस कॉलेज मैदान में पूरी तैयारियां कैसे पूरी कर ली गईं? ये केदार और विपुल कौन हैं, जिनका नाम वहां काम से जोड़ा जा रहा है? अभिषेक टेंट हाउस, बिलासपुर कौन है और वह किस अधिकार से वहां काम कर रहा है? आखिर किसके इशारे पर पूरे आयोजन का कार्य संचालित हो रहा है? प्रदेश महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती है और दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार मंत्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस पत्रकार वार्ता में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, संयुक्त महामंत्री अशोक राज आहूजा, निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, प्रवक्ता वंदना राजपूत एवं सत्यप्रकाश सिंह उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/05 फ़रवरी 2026