क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


वाराणसी (ईएमएस) । दोहरीघाट -सहजनवा के बीच नई रेल लाइन के निर्माण से वाराणसी से गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को एक नया वैकल्पिक मार्ग मिलेगा । पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों के अनुसार इस नई लाइन निर्माण परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और परियोजना का टेंडर भी जारी किया जा चुका है। फिलहाल इंदारा से दोहरीघाट तक ट्रेनों का संचालन हो रहा है। अब इसी रूट का विस्तार करते हुए सहजनवा -दोहरीघाट परियोजना के तहत 81.17 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी । इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 1319 करोड रुपए की लागत आने का अनुमान है। पिछले दो वित्तीय वर्षों में भूमि अधिग्रहण और अन्य प्रारंभिक कार्यों के लिए लगभग 400 करोड रुपए जारी किए जा चुके हैं। सूत्रों के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष के आम बजट में भी परियोजना के लिए लगभग 200 करोड रुपए मिलने की उम्मीद है, हालांकि बजट दस्तावेज जारी होने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा की तीसरी किस्त के तहत कितनी राशि स्वीकृत हुई है। रेलवे अधिकारियों को कहना है कि इस वर्ष ट्रैक बिछाने का कार्य शुरू होने की संभावना है। परियोजना की पूरा होने के बाद मऊ और इंदारा से गोंडा होते हुए अयोध्या और लखनऊ जाने के लिए एक और वैकल्पिक रेल मार्ग उपलब्ध हो जाएगा। इससे मऊ के साथ-साथ देवरिया, गोरखपुर, बलिया जनपद के लोगों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा होगी। नई लाइन निर्माण परियोजना तीन चरणों में पूरी की जाएगी। प्रथम चरण में सहजनवा - बांसगांव 32.95 किलोमीटर, दूसरे चरण में बांसगांव -बड़हलगंज 36.80 किलोमीटर, तथा तीसरे और अंतिम चरण में बड़हलगंज -न्यू दोहरीघाट 11.42 किलोमीटर तक कार्य होगा। तीसरे चरण में घाघरा नदी पर नए रेल पुल का निर्माण कार्य भी शामिल है। इस रेल खंड में सहजनवा, पिपरौली, खजनी, उनवल, बैदावली, बांसगांव, उरवा बाजार, बनवापार, गोला बाजार, बहरौली, बड़हलगंज, न्यू दोहरीघाट नये रेलवे स्टेशन बनेंगे। डॉ नरसिंह राम /05फरवरी2026