ज़रा हटके
06-Feb-2026
...


-लड़कों से डरी पाकिस्तानी सेना, बीएलए ने महिला लड़ाकों का वीडियो किया जारी इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तान में बीएलए ने कोहराम मचा रखा है। बलूच लिबरेशन आर्मी ने ‘ऑपरेशन हेरोफ’ में ग्वादर में ताबड़तोड़ अटैक किए और पाकिस्तानी सेना को घुटनों पर ला दिया है। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ को सबके सामने ये मानना पड़ा कि उनकी सेना जंग के मैदान में अपाहिज साबित हुई है। बलूच लड़कों के इस ऑपरेशन में सबसे खतरनाक साबित हुई वह हैं फिदायीन, जिन्होंने पाकिस्तानी सैनिकों पर गोलियां बरसाईं। बीएलए ने अपनी इन महिला लड़ाकों का एक वीडियो जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीएलए ने हाल ही में एक वीडियो जारी किया है जिसमें उनकी ‘मजीद ब्रिगेड’ की महिला फिदायीन हमलावर, हवा बलोच, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर फायरिंग करती नजर आ रही हैं। मौत से पहले दिए अपने आखिरी संदेश में हवा ने बलोच नागरिकों से ‘दुश्मन’ के खिलाफ उठ खड़े होने की अपील की थी। वीडियो में वह कहती दिख रही हैं कि ‘हमारे पास और कोई रास्ता नहीं बचा है, अब भाई-बहनों सभी को सामने आकर लड़ना चाहिए। पाकिस्तानी सैनिक डर के मारे बाहर ही नहीं निकल रहे हैं, वो हमारा सामना करने लायक नहीं बचे हैं। आज खुशी का दिन है और मांओं और बहनों के लिए ये संदेश है कि वो अकेली नहीं है। हवा इस जंग को मुस्कुराकर लड़ती हुई दिखाई दे रही है। बता दें अपने मिशन को अंजाम देते हुए फिदायीन हवा की मौत हो गई थी। बीएलए ने उसकी मौत को कुर्बानी बताते हुए हवा का आखिरी वीडियो शेयर किया है। इस मुठभेड़ के बाद दोनों पक्षों की ओर से विरोधाभासी दावे किए जा रहे हैं। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में दर्जनों उग्रवादियों को ढेर कर दिया गया है। सेना का कहना है कि वे क्षेत्र में शांति बहाली के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं बलूच विद्रोहियों ने स्वीकार किया है कि इस खूनी संघर्ष में उनके 18 लड़ाके मारे गए हैं। उन्होंने इस झड़प को हाल के समय की सबसे घातक लड़ाइयों में से एक बताया। सिराज/ईएमएस 06 फरवरी 2026