मुंगेली(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरकारी खजाने में बड़ी सेंधमारी का मामला सामने आया है। कलेक्ट्रेट के पर्यावरण अधोसंरचना विकास उपकर खाते से लगभग 26.87 लाख रुपये की अनधिकृत निकासी हुई। यह खुलासा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंगेली शाखा के खाते की जांच के दौरान हुआ। अपर कलेक्टर जीएल यादव द्वारा बैंक को नोटिस जारी करने के बाद पता चला कि यह लेन-देन कलेक्ट्रेट द्वारा अधिकृत नहीं थे। बैंक ने स्वीकार किया कि उनके कर्मचारी टिकेश कुमार (CSA) ने आंतरिक वाउचर और अधिकारियों की गोपनीय आईडी का दुरुपयोग कर यह राशि निकाल ली। मामला उजागर होते ही बैंक ने गबन की गई राशि खाते में वापस जमा कर दी। आरोपी कर्मचारी का जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया गया है और रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, जिला प्रशासन इस जवाब से संतुष्ट नहीं है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी राशि की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ गंभीर अपराध है और इसमें बैंक प्रबंधन की भी लापरवाही शामिल हो सकती है। मामले में दस्तावेजों की अंतिम जांच चल रही है और अधिकारियों ने कड़ी कानूनी कार्रवाई का संकेत दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 फरवरी 2026