- सोना 1,358 टूटकर 1,50,713, चांदी 11,419 रुपए गिरकर 2,32,396 पर नई दिल्ली (ईएमएस)। सोने और चांदी के भाव में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली। घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुएं दबाव में कारोबार करती नजर आईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों धातुओं की शुरुआत सुस्त रही। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 2,675 रुपये की गिरावट के साथ 1,49,396 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 1,52,071 रुपये था। सोने के वायदा भाव 1,358 रुपये टूटकर 1,50,713 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। दिन के कारोबार में सोने ने 1,50,843 रुपये का उच्च और 1,49,396 रुपये का निचला स्तर छुआ। पिछले महीने सोने ने 1,80,779 रुपये का रिकॉर्ड उच्च स्तर दर्ज किया था। चांदी के वायदा भाव की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई। एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क मार्च कॉन्ट्रैक्ट 9,752 रुपये की गिरावट के साथ 2,34,063 रुपये प्रति किलो पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 2,43,815 रुपये था। इस समय चांदी 11,419 रुपये की गिरावट के साथ 2,32,396 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही थी। कारोबार के दौरान इसने 2,34,063 रुपये का ऊपरी और 2,29,187 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी कमजोर नजर आए। कॉमेक्स पर सोना 4,800 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 4,889.50 डॉलर था। इस समय यह 41.10 डॉलर की गिरावट के साथ 4,848.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। इस साल सोने ने 5,586.20 डॉलर प्रति औंस का उच्च स्तर छुआ है। वहीं कॉमेक्स पर चांदी 70.36 डॉलर प्रति औंस पर खुली और 4.64 डॉलर टूटकर 72.07 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इस महीने चांदी 121.79 डॉलर प्रति औंस के उच्च स्तर तक पहुंच चुकी है। सतीश मोरे/06फरवरी ---