वडोदरा (ईएमएस)। स्मृति मंधाना की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु(आरसीबी) ने दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग (डब्लूपीएल) खिताब जीता है। खिताबी मुकाबले में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराया। आरसीबी की कप्तानी करते हुए मंधाना ने फाइनल मुकाबले में 41 गेंद में 87 रन बनाये। वहीं जॉर्जिया वोल ने 79 रन बनाए। मंधाना और जॉर्जिया वोल ने दूसरे विकेट के लिए 165 रन बनाये। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के अर्धशतक की सहायता से 15 गेंद में 35 रन बनाये। इस प्रकार दिल्ली ने 4 विकेट पर 203 रन बनाये। आरसीबी ने 19.4 ओवरों में ही ये लक्ष्य मंधान और जॉर्जिया के शानदार प्रदर्शन से हासिल कर लिया। कोहली ने इस शानदार जीत पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया में लिखा, “एक बार फिर चैंपियन। आरसीबी का झंडा ऊंचा रखने के लिए और यह हर किसी के लिए गर्व की बात है।” आरसीबी ने इससे पहले साल 2024 में डब्ल्यूपीएल जबकि पुरुष टीम ने 2025 में आईपीएल खिताब जीता था। इस अवसर पर भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने कहा, “बड़े मौके, बड़े लीडर। मंधाना ने सबसे बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन किया। जॉर्जिया वोल ने भी अच्छा साथ दिया, जिससे आरसीबी की महिला टीम ने अपना दूसरा डब्ल्यूपीएल खिताब अपने नाम किया।” आरसीबी की इस जीत पर विराट कोहली भी खुशी से झूम उठे। कोहली आईपीएल की शुरुआत से ही आरसीबी का हिस्सा रहे हैं, उन्होंने लंबे समय तक टीम की कप्तानी भी की है। 17 साल ट्रॉफी का उन्होंने इंतजार किया था, ऐसे में वह इसका महत्व जानते हैं। कोहली ने मंधाना और टीम को सोशल मीडिया के जरिए बधाई दी है और उन्हें इस जीत का अधिकारी बताया है। बता दें, दिल्ली ने आरसीबी के सामने जीत के लिए 204 रनों का लक्ष्य रखा था, इस स्कोर को आरसीबी ने एक ओवर और 2 गेंदें पहले ही हासिल कर लिया था। आरसीबी के दूसरी बार चैंपियन बनने पर विराट ने लिखा, “फिर से चैंपियन। आरसीबी का झंडा ऊंचा लहराते हुए जिस पर आप सभी गर्व कर सकते हैं। मंधाना और पूरी टीम को इस शानदार जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई। आप लोग इसके अधिकारी हैं, इसमें कोई संदेह नहीं। इस पल का आनंद लें और प्रशंसकों के प्यार को भी महसूस करें।” यह पहली बार है कि पुरुषों और महिलाओं दोनों खिताब एक ही फ्रेंचाइजी ने जीते हैं। आरसीबी की पुरुष टीम आईपीएल की गत विजेता है। वहीं महिला टीम 2026 में चैंपियन बनी है। मंधाना ने आरसीबी की इस जीत पर कहा, “बहुत खुश हूं। फिर से, मुझे लगता है कि आरसीबी के प्रशंसक दुनिया के सबसे अच्छे प्रशंसक हैं, हम जहां भी खेलते हैं, हमें बहुत समर्थन मिलता है। वे इंतजार करते रहते हैं। उन्हें पता है कि हम जो कुछ भी करते हैं, वह उनके लिए करते हैं। फ्रेंचाइजी ने तीन साल में तीन खिताब जीते हैं। गिरजा/ईएमएस 06 फरवरी 2026