सिडनी (ईएमएस)। ऑस्ट्रेलियाई टीम को टी20 विश्वकप से पहले ही करारा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड फिट नहीं होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गये हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के अनुसार हेजलवुड को टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण बाहर कर दिया गया है। हेजलवुड को एशेज सीरीज शुरू होने से पहले ही शेफील्ड शील्ड के अंतिम मैच में हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था। इसी वजह से वह इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में नहीं खेल सके। रिकवरी के दौरान उन्हें एड़ी में भी समस्या हो गई, जिससे उनकी वापसी अभी संभव नहीं है। हेजलवुड पिछले साल 12 नवंबर के बाद से से ही मैदान से बाहर हैं। इसके बाद भी उन्हें विश्व कप तक फिट होने की उम्मीद में टीम में शामिल किया गया था हालांकि वह टीम के साथ श्रीलंका नहीं गये थे। वहीं अब चयनकर्ताओं ने कहा है कि उन्हें पूरी तरह से फिट होने में समय लगेगा। चयनकर्ता टोनी डोडमाइड ने कहा, हमें उम्मीद थी कि जोश सुपर-8 स्टेज तक मैच फिटनेस हासिल कर लेंगे पर इसमें उन्हें अभी कुछ समय लगेगा। अभी अगर उन्हें उतारा जाये तो ये नुकसानदेह होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने हालांकि अभी हेजलवुड की जगह किसी नए खिलाड़ी के नाम की घोषणा नहीं की है। चयनकर्ताओं का कहना है कि शुरुआती मैचों के लिए टीम संतुलित है और आगे टूर्नामेंट की जरूरत और हालातों के हिसाब से फैसला होगा। हेजलवुड टी20 के बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उना रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। उन्होंने 2021 में यूएई में हुए टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 16 रन देकर 3 विकेट लिए थे। उन्होंने 20.44 की औसत और 7.57 की इकॉनमी रेट से 133 विकेट लिए हैं। ऐसे में उनकी कमी पूरी करना संभव नहीं होगा। हेजलवुड के अलावा तेज गेंदबाज पैट कमिंस भी चोटिल हैं। ऐसे में युवा ज़ेवियर बार्टलेट और बेन ड्वार्शुइस को टीम में रखा गया है। इसके अलावा ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर सीन एबॉट शामिल किये गये हैं जो हेजलवुड की जगह ले सकते हैं। वहीं अन्य खिलाड़ियों की बात करें तो नाथन एलिस और टिम डेविड ग्रुप चरण के लिए शामिल रहेंगे। ये दोनो भी हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे थे। वहीं स्पिनर एडम ज़म्पा के भी अगले सप्ताह कोलंबो में होने वाले पहले मैच से पहले फिट होने की संभावनाएं हैं। विश्वकप में टीम की कप्तानी मिचेल मार्श संभाल रहे हैं। गिरजा/ईएमएस 06फरवरी 2026