पटना, (ईएमएस)। बिहार सरकार के आदेश के अनुसार पटना जिला अंतर्गत सभी 322 पंचायतों में फार्मर रजिस्ट्री कार्य के लिए कैम्प लगाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि आप शिविर में आएं, आज ही अपना फार्मर आईडी बनवाएँ तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का पारदर्शी एवं सुचारू रूप से लाभ उठाएँ। जिलाधिकारी, पटना द्वारा पदाधिकारियों को अधिक-से-अधिक किसान बंधुओं की शिविरों में सहभागिता सुनिश्चित कर एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने तथा कैम्प्स का सफलतापूर्वक आयोजन करने का निदेश दिया गया है। ज़िलाधिकारी ने कहा कि सभी पंचायतों में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है। किसानों की सुविधा एवं सहायता के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। कृषि विभाग का हेल्पलाईन नंबर 18001801551 तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का हेल्पलाईन नंबर 18003456215 है। किसानों द्वारा किसी भी समस्या के समाधान के लिए उपर्युक्त हेल्पलाईन नंबरों के साथ जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक या किसान सलाहकार से सम्पर्क किया जा सकता है। सीएससी/वसुधा केंद्रों पर भी फार्मर रजिस्ट्री की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है। साथ ही किसान स्वयं भी ऑनलाइन पोर्टल bhfr.agristack.gov.in/farmer-registr… के माध्यम से घर बैठे अपना फार्मर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। संतोष झा- ०६ फरवरी/२०२६/ईएमएस