राज्य
06-Feb-2026


* नवगठित तहसील को मिलेगा अत्याधुनिक सेवा सदन, एक साल में होगा निर्माण पूरा अहमदाबाद (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने खेड़ा जिले के फागवेल से वीर भाथीजी महाराज के चरणों में शीश नवाकर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 348 करोड़ रुपए से अधिक के 31 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने यह घोषणा की कि नवगठित फागवेल तहसील के प्रशासन को गति देने के लिए अत्याधुनिक तालुका सेवा सदन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा हो जाएगा। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फागवेल शौर्य और श्रद्धा की पवित्र धरती है, जिसे न केवल गुजरात, बल्कि पूरा देश जानता है। वर्ष 2002 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात की अस्मिता को उजागर करने के लिए ‘गुजरात गौरव यात्रा’ की शुरुआत यहीं से की थी। आज वह विकास यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर पहुंच गई है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा अस्मिता, संस्कृति और सनातन धर्म का गौरव उजागर किया है। सोमनाथ की रक्षा करने वाले वीर हमीरजी गोहिल और गौरक्षा के लिए बलिदान देने वाले भाथीजी महाराज जैसी विभूतियां को गौरव देने के साथ ही प्रधानमंत्री ने विकास की राजनीति से विकास का एक नया इतिहास रचा है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास पर बल देते हुए कहा कि शहरीकरण के बोझ को कम करने के लिए गांवों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए तहसील मुख्यालय वाले 114 ऐसे गांवों के विकास के लिए ‘मुख्यमंत्री ग्रामोत्थान योजना’ लागू की है, जहां नगर पालिका नहीं है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में इस योजना का दायरा बढ़ाकर 10,000 से अधिक आबादी वाले बड़े गांवों को भी नई योजना के तहत शामिल कर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत@2047’ के विजन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का इस वर्ष का बजट ‘कर्तव्य’ पर आधारित है। उन्होंने सभी लोगों से प्रधानमंत्री द्वारा प्रेरित ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘हर घर स्वदेशी’ के मंत्र को अपनाकर विकसित खेड़ा से विकसित गुजरात और विकसित गुजरात से विकसित भारत की यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। कैबिनेट मंत्री रमण सोलंकी ने खेड़ा जिले के आस्था के केंद्र फागवेल में भव्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई देते हुए वीर भाथीजी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि इस पवित्र धाम में आज विकास का नया सूरज उगा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई, जलापूर्ति और ग्रामीण ढांचागत सुविधाओं जैसे विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास से फागवेल और खेड़ा जिले का कायापलट होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई तहसील बनने से प्रशासनिक प्रक्रियाएं आसान हो जाएंगी और जनता की सुविधा में वृद्धि होगी। सोलंकी ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को चरितार्थ कर रही है। उन्होंने नागरिकों से सरकार के इस विकास के यज्ञ में शामिल होकर जिले के गौरवशाली बनाने के लिए सहयोग देने की अपील की। राजस्व राज्य मंत्री संजयसिंह महिड़ा ने कहा कि कपड़वंज की पवित्र धरा पर आज शक्ति, भक्ति और विकास का त्रिवेण संगम रचा है। उन्होंने कहा कि जो खेड़ा जिला पहले केवल ‘गोल्डन लीफ’ (तंबाकू) के लिए जाना जाता था, आज वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में ‘गोल्डन डेवलपमेंट’ की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सरलता और जनोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाते हुए गठित की गई नई फागवेल तहसील से 169 वर्ग किमी क्षेत्र के नागरिकों के लिए तहसील मुख्यालय की दूरी कम हो जाएगी और सरकारी कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने जिले में सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों के उल्लेख के साथ विकास कार्यों से होने वाले बदलाव की बात भी कही। बालासिनोर के विधायक मानसिंह चौहान और जिला कलेक्टर अमित प्रकाश यादव ने स्वागत भाषण में कार्यक्रम की रूपरेखा दी। निवासी अपर कलेक्टर जे.बी. देसाई ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फागवेल तालुका सेवा सदन के भूमि आवंटन का आदेश पत्र तहसीलदार और टीडीओ को सौंपा। मुख्यमंत्री ने आज जिन विकास कार्यों की भेंट दी उनमें 234 करोड़ रुपए से अधिक के 13 कार्यों का लोकार्पण और 113 करोड़ रुपए से अधिक के 18 विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इन विकास कार्यों में गुजरात जलापूर्ति और गटर व्यवस्था बोर्ड, सड़क एवं भवन विभाग (राज्य), नड़ियाद महानगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग के अलावा कपड़वंज नगर पालिका और पशुपालन विभाग के कार्य शामिल हैं। सतीश/06 फरवरी