इन्दौर (ईएमएस) पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुके नगरनिगम के सफाईकर्मी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामला गांधी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार प्रफुल्ल शिंदे उम्र बत्तीस साल ने कल रात अपने घर पर ही फांसी लगा ली। वह पल्हर नगर जोन पर सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत था तथा दिन में एक परिचित की शादी समारोह में अपनी पत्नी के साथ शामिल होकर आया था और रात में उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रात में जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो उसके कमरे में गये वहां वह फंदे पर लटका मिला उसे उतार तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि प्रफुल्ल की मानसिक स्थिति पिछले कुछ महीनों से ठीक नहीं थी और उसने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आनंद पुरोहित/ 06 फरवरी 2026