कवर्धा(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पंडरिया नगर में बीती रात चोरों ने जैन श्वेतांबर मंदिर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर मंदिर में रखी दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें जमा करीब 20 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि जब मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो उन्होंने दानपेटी का ताला टूटा हुआ और अंदर रखी राशि गायब पाई। घटना देखकर वे हैरान रह गए और तुरंत इसकी जानकारी मंदिर समिति के सदस्यों व स्थानीय लोगों को दी। सूचना मिलते ही पंडरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 फरवरी 2026