- C-60 का जवान शहीद, एक घायल रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्र में गढ़चिरौली जिले के भमरागढ़ जंगलों में शुक्रवार सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया है, जबकि C-60 बल का एक जवान शहीद हो गया और एक अन्य जवान घायल हुआ है। जानकारी के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान कांस्टेबल दीपक चिन्ना मडावी (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर भमरागढ़ के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं कांस्टेबल जोगा मडावी (निवासी किश्तयापल्ली) को भी गोली लगी है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें गढ़चिरौली ले जाने की तैयारी है। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने दो पुरुष और एक महिला नक्सली का शव बरामद किया है। साथ ही एसएलआर और AK-47 राइफल भी जब्त की गई हैं। मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 फरवरी 2026