06-Feb-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर छावनी परिषद (कैंट बोर्ड) ने लंबे समय से टैक्स न चुकाने वालों के खिलाफ अब सख्ती ‎दिखानी आरंभ कर दी है। मुख्य रूप से उन बकायदारों की खैर खबर ली जा रही है जो बार बार आगाह करने के बाद भी संपत्ति कर जमा नहीं कर रहे हैं। कैंट बोर्ड के राजस्व विभाग ने पूर्व में उक्त बकायदारों को नोटिस भेजते हुए कुर्की की चेतावनी दी थी,लेकिन इसके बाद भी जब टैक्स नहीं जमा किया गया तो अब सीलिंग की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में कैंट बोर्ड के राजस्व विभाग के अधिकारियों ने सबसे पहले सदर बाजार क्षेत्र के बडे़ बकायादारों की भवन सील करने शुरू किए हैं। अमले ने सदर बाजार स्थित भवन संख्या 556 को सील कर दिया। उक्त भवन सरजू प्रसाद के नाम पर जीएलआर में दर्ज है। भवन स्वामी पर करीब तीन लाख 40 हजार रूपए टैक्स बकाया था। जो जमा नहीं किए जाने की सूरत में सील कर दिया गया, हालांकि भवन सील होने के कुछ घंटो के बाद ही भवन स्वामी द्वारा बोर्ड के खजाने में बकाया टैक्स की पूरी रकम जमा करा दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कैंट बोर्ड द्वारा 19 जनवरी को एक सूचना जारी करते हुए सदर बाजार के 10 बडे़ बकायदारों को तत्काल टैक्स जमा करने के निर्देश दिए थे, साथ ही ऐसा नहीं करने पर कुर्की की कार्यवाही की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद लंबा समय बीतने पर भी जब उक्त बकायदारों ने टैक्स जमा नहीं किया तो छावनी अधिनियम 2006 कि धारा 101 के तहत कार्यवाही करते हुए अब भवन सील करने की कार्यवाही शुरू की गई है। भवन सील होने के बाद भी अगर टैक्स जमा नहीं किया जाएगा तो संपत्ति की कुर्की की जाएगी। अजय पाठक / मोनिका / 06 फरवरी 2026/ 02.57