राष्ट्रीय
06-Feb-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। शुक्रवार को केंद्रीय बजट 2026-27 पर आम चर्चा शुरू होते ही लोकसभा में विपक्षी सांसदों के जोरदार विरोध दर्ज कराया, जिसके कारण कार्यवाही बाधित हो गई। सदन की कार्यवाही को सोमवार 9 फरवरी को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। सदन की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे जैसे ही शुरू हुई, विपक्षी सांसद केंद्र सरकार के खिलाफ जोर-जोर से नारेबाजी करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बार-बार हंगामा बंद करने का अनुरोध किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। दोपहर में चर्चा दोबारा शुरू हुई, लेकिन विपक्ष का विरोध जारी रहा। सांसदों ने नारे लगाते हुए तख्तियां लहराईं और सरकार की आलोचना की। लोकसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहे कृष्ण कुमार टेनेट्टी ने बताया कि अध्यक्ष ने कई स्थगन प्रस्तावों को खारिज कर दिया और कार्यवाही प्रारंभ की। भाजपा सांसद जेपी नड्डा समेत केंद्रीय मंत्री संशोधित कार्यसूची में अपने कागजात रखने के लिए खड़े हुए। कुछ ही देर बाद विपक्षी सांसद अध्यक्ष की कुर्सी के पास पहुंच गए और जोर-जोर से विरोध जारी रखा। इसी बीच लोकसभा की कार्यवाही सोमवार 9 फरवरी तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी गई। हिदायत/ईएमएस 06फरवरी26