पटना,(ईएमएस)। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के बीच तीखी बहस हुई। मुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव से सवाल किया कि 2024 में सरकार गिराने के लिए कथित रूप से छह विधायकों को कितनी रकम दी गई और यह पैसा कहां से आया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तेजस्वी ने पहले से ही अपने साथ रहे विधायकों से जबरन पैसा वसूला। नीतीश कुमार की यह टिप्पणी राज्य में चल रहे राजनीतिक विवाद और विधायकों के खरीद-फरोख्त के आरोपों के बीच आई है। विधानसभा में हुई इस बहस में विपक्ष ने भी पलटवार किया, लेकिन मुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव पर सीधे सवाल उठाते हुए विपक्ष की नीतियों और कार्यशैली को चुनौती दी। इस सत्र के दौरान एक और महत्वपूर्ण घटना रही मोकामा से जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह की शपथ ग्रहण। अनंत सिंह पहले दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तारी के बाद ब्युर जेल में बंद होने के कारण शपथ नहीं ले पाए थे। इस बार वे एम्बुलेंस द्वारा बिहार विधानसभा पहुंचे और शपथ ली। शपथ लेने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। हिदायत/ईएमएस 06फरवरी26