- संत रविदास ने जन्म नहीं, बल्कि कर्म और कौशल को मनुष्य की पहचान बताया- विजय सिन्हा - संत रविदास ने छुआछूत, जातिवाद के खिलाफ उठाई आवाज, समाज में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता- लखिन्द्र पासवान पटना, (ईएमएस)। भाजपा प्रदेश कार्यालय पटना में शुक्रवार को संत शिरोमणि रविदास की जयंती मनाई गई। एससी मोर्चा के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संत रविदास की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज हम संत रविदास की जयंती मना रहे हैं। उन्होंने हमें जो ज्ञान दिया और देश को मार्गदर्शन किया वह समाज को जोड़ने का था। समाज के बीच भेदभाव नहीं हो, कोई लड़ाई न हो, यही रास्ता उन्होंने 600 वर्ष पहले दिखाया था। उनका स्पष्ट मानना था कि ये समाज हमारा है। हम जातियों में बंटे जरूर हैं लेकिन समाज हमारा है। यही कारण है कि आज ये पूरे समाज के भगवान हैं। ये सिर्फ एसटी के भगवान नहीं हैं। इन्होंने सबको जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचार कालजयी हैं, जो समस्त समाज को समरसता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि यह समाज तभी चल सकता है जब हम सभी साथ मिलकर चलें। उनके विचारों पर आज हम सभी को चलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय तब होगा जब सबके साथ न्याय होगा। भाजपा इसी के तहत काम कर रही है। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि संत रविदास ने अपनी आध्यात्मिक सोच और सामाजिक सरोकार से यह साबित किया कि प्रतिभा को दबाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि ने मानव कल्याण, राष्ट्रसेवा और समाज में व्याप्त कुरीतियों को मिटाने के लिए अपने जीवन का प्रत्येक क्षण होम कर दिया। उनके ओजस्वी विचारों के दिव्य प्रकाश से मानवता का सर्वदा कल्याण होता रहेगा। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सभी लोगों से संत शिरोमणि रविदास के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके विचारों को अपनाकर आज समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने गुरु रविदास जी महाराज के विचारों एवं कृतियों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी ने जन्म नहीं, बल्कि कर्म और कौशल को मनुष्य की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समता और बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित उनके विचार आज भी एक सशक्त, समरस और समावेशी राष्ट्र के निर्माण के लिए उतने ही प्रासंगिक और प्रेरणादायी हैं। इधर, भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष लखिन्द्र पासवान ने कहा कि संत रविदास जयंती पर आज हम इकट्ठा हुए हैं। संत रविदास ने जातिवाद, भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ आवाज उठाई एवं समाज को समानता और भाईचारे का संदेश दिया। समाज में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। आज केंद्र सरकार हो या प्रदेश की सरकार, कमजोर वर्ग के लोगों को मुख्यधारा में लाने के प्रयास में जुटी है। इस मौके पर विधायक जनक राम, संगीता कुमारी, अनिल राम, नन्द किशोर राम, महामंत्री शिवेश राम, पूनम रविदास, अनामिका पासवान, श्याम सुंदर रजक, मनोरमा कुमारी, सुग्रीव रविदास, कुंअर विजय पासवान, संजय राम, प्रदीप राउत, गजेंद्र पासवान के अलावा प्रदेश के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी संत रविदास जयंती पर उन्हें नमन किया। संतोष झा- ०६ फरवरी/२०२६/ईएमएस