क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


- परीक्षा केंद्रों से संबंधित गहन समीक्षा बैठक आयोजित दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आगामी वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के प्राचार्य एवं निजी स्कूल के संचालकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षाओं के सुचारु, निष्पक्ष एवं पूर्णतः पारदर्शी संचालन को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट एवं कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर श्री वानखड़े ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षार्थियों को विद्यालय स्तर पर पूर्व से ही अवगत कराया जाए कि वे सुबह 8ः30 बजे से पूर्व अनिवार्य रूप से परीक्षा केंद्र में प्रवेश करें। परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति, शाला संचालक अथवा स्टाफ सदस्य को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अति आवश्यक होने पर ही परीक्षा प्रारंभ के प्रथम घंटे में वॉशरूम जाने की अनुमति दी जाए। साथ ही उन्हांेने समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों को परीक्षा केन्द्रों के भीतर न ले जाने की निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर फर्जी परीक्षार्थी का प्रकरण सामने आता है, तो संबंधित अध्ययनरत संस्था को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा। सभी संस्थाओं को अपने-अपने यहां अध्ययनरत परीक्षार्थियों का रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए, जिसे आवश्यकता पड़ने पर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। कलेक्टर ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू रहेगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुचित गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः कार्यशील अवस्था में चालू रहें, जिससे परीक्षा गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित हो सके। साथ ही परीक्षा के पूर्व एवं बाद में पेपर एवं कांपियों के लिफाफों को सीसीटीव्ही के सामने खोला एवं बंद किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कक्षाओं में परीक्षा आयोजित नहीं हो रही है, वे कक्षाएं परीक्षा अवधि के दौरान लॉक रखी जाएंगी। साथ ही परीक्षा से संबंधित आवश्यक सूचनाएं परीक्षा केंद्रों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएंगी। कलेक्टर श्री वानखड़े ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में दतिया जिले की प्रतिष्ठा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, परीक्षा केंद्र प्रतिनिधियों एवं संस्थाओं से अपेक्षा की कि वे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि दतिया जिले का नाम शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक गौरवपूर्ण बने।