मुरैना ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश शासन के खाद्य विभाग द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूं उपार्जन हेतु किसान पंजीयन एवं उपार्जन प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत किसानों के पंजीयन के लिए आवेदन प्रारूप एवं पंजीयन प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार यह प्रशिक्षण शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, मुरैना में अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों को प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला खाद्य अधिकारी श्री उमेश शर्मा, मार्केटिंग प्रबंधक श्री विनोद कोटिया, जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमल मकाशरे, जिला सहकारी प्रबंधक श्री रवि मंगल सहित जिले के 63 पंजीयन केन्द्रों के प्रबंधक एवं ऑपरेटर उपस्थित रहे। जिला खाद्य अधिकारी श्री उमेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 7 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन हेतु किसान पंजीयन की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। किसान ग्राम पंचायत कार्यालयों, जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्रों, सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान चाहें तो एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी साइबर कैफे के माध्यम से सशुल्क पंजीयन भी करा सकते हैं। जिला खाद्य अधिकारी ने यह भी बताया कि शासन द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं का समर्थन मूल्य ₹2585 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय-सीमा में जागरूकता के साथ अपना पंजीयन अवश्य कराएं।