क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


- सोने की चेन झपटने का भी आरोप - थाने पहुचें किन्नरो ने की कड़ी कार्यवाही की मांग भोपाल(ईएमएस)। शहर के कोहेफिजा इलाके में शुक्रवार दोपहर ऑटो से जा रहे किन्नरों को तीन बदमाशों ने सरेराह रोक कर उनके साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से एक किन्नर घायल हुआ है, वहीं अन्य दो के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुचें घायल किन्नरों के साथियो ने बदमाशों पर सोने की चेन झपटने का भी आरोप लगाया है। किन्नरों ने हमला कराने का आरोप नकली किन्नर गिरोह पर लगाया है। थाना पुलिस का कहना है, कि घायल को इलाज के लिये अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्यवाही की गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक मंगलवारा में रहने वाली किन्नर पल्लवी पाठक गुरू सुरैया नायक गुट की किन्नर हैं। पल्लवी का आरोप है, कि वह ऑटो में सवार होकर मंगलवार से बैरागढ़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में हथियारों से लेस बदमाश शाहरुख ईदगाह और उसके दो साथियों ने फिल्मी स्टाइल में लालघाटी ब्रिज पर उनके ऑटो को रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस बीच बदमाशों ने पल्लवी के गले में पहनी उसकी सोने की झपट ली। पल्लवी ने जब उनका विरोध किया तब शाहरुख ने अपने पास रखे धारदार हथियार से उसके पैर पर वार कर दिया। घायल करने के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल पल्लवी का आरोप है कि काजल ठाकुर नकली किन्नर है। वह खुद को किन्नरों के एक अन्य गुट की सरगना बताते हुए असली किन्नरों पर अड़ीबाजी कराती है। इतना ही नहीं उनके साथ कई बार लूटपाट और मारपीट भी करा चुकी है। शाहरुख काजल का पाला हुआ बदमाश है। आए दिन किन्नरों के साथ मारपीट, लूटपाट की वारदातें काजल और किन्नर मुस्कान मिर्जा के इशारे पर करते हैं। उन्होनें मामले में काजल और मुस्कान को आरोपी बनाए जाने की मांग की है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने घायल किन्नर को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं हमले की खबर मिलते ही कोहेफिजा थाने पर बड़ी तादाद में किन्नर पहुचं गये और आरोपियो के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। घटना को लेकर थाना पुलिस का कहना है की मारपीट की घटना सामने आई है, जिसमें शाहरुख का नाम सामने आया है। किन्नरों के दो गुटों में पुराना विवाद चल रहा है, वहीं प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस पूरी घटना के सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं, पुलिस का कहना है की जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जुनेद / 6 फरवरी