- पोस्टर को जूते से रगड़कर जताया विरोध - निर्माता, निर्दिेशक और अभिनेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भोपाल(ईएमएस)। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर उठा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके विरोध में ब्राह्मण समाज ने लगातार दूसरे दिन सड़को पर उतरकर एक बार फिर विरोध प्रदर्शन किया। एमपी नगर में हुए प्रर्दशन के दौरान फिल्म के टाइटल, डायलॉग, निर्देशन और कलाकारों और उससे जुड़े लोगो के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अभिनेता मनोज बाजपेयी की तस्वीर को जूते से कुचलकर प्रतीकात्मक विरोध किया। वहीं समाज ने फिल्म के निर्माता, निर्दिेशक और अभिनेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी की वह किसी भी तरह की सफाई स्वीकार नहीं करेगा और फिल्म को रिलीज नहीं होने देगा और जल्द ही एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो प्रर्दशन उग्र किया जायेगा। शुक्रवार को किये गये प्रदर्शन के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्रा ने कहा कि फिल्मों को समाज का दर्पण कहा जाता है, लेकिन इस फिल्म के जरिए एक पूरे समाज को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओटीटी जैसे बड़े प्लेटफॉर्म ने बिना जिम्मेदारी के इस तरह का कंटेंट लॉन्च किया है, और अब इसे किसी भी हाल में चलने नहीं दिया जाएगा। उन्होनें कहा की एफआईआर की मांग के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होनें कहा की मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर “सोए हुए हैं”। - पुलिस को की गई लिखित शिकायत गौरतलब है कि एक दिन पहले गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेद्र मिश्रा की ओर से एमपी नगर थाने को सौपीं गई लिखित शिकायत में कहा गया है, कि फिल्म के ट्रेलर में ब्राह्मण समाज के लिए आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। गया है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने इसे सुनियोजित तरीके से समाज की छवि धूमिल की है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने फिल्म से जुड़े कलाकार और निर्माता के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की थी। - फिल्म के डॉयलॉग को लेकर आपत्ति इस फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी अजय दीक्षित की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्हें ‘पंडत’ के नाम से जाना जाता है। इसी नाम और कुछ संवादों को लेकर ब्राह्मण समाज और धार्मिक संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। इसे लेकर मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। - कानूनी पेंच में फंसती नजर आ रही है फिल्म फिल्म को लेकर जारी विवाद के बीच यह कानूनी कार्यवाही में भी फंसती नजर आ रही है, जानकारी के मुताबिक लखनऊ के हजरतगंज थाने में सीएम के निर्देश पर फिल्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत खुद हजरतगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह की ओर से दर्ज कराई गई है। जुनेद / 6 फरवरी