क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


- महिला का आरोप बार-बार आर रही खराबी, बैटरी बदली नहीं जा रही थी इसलिए लगाई आग - महिला ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक महिला ने अपने ई-रिक्शा में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। शहर में यह घटना मां पीतांबरा ऑटोमोबाइल्स एजेंसी के सामने हुई है। यह एजेंसी ई-रिक्शा बेचने का काम करती है। शहर की पीएस होटल के नजदीक इस एजेंसी का शोरूम है। यहां पर महिला शुक्रवार को पहुंची और ई-रिक्शा में आग लगा दी। इससे पहले महिला ने ई-रिक्शा में बैटरी खराबी सहित अन्य खराबी की शिकायत एजेंसी संचालकों से की लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। नाराज महिला ने ई-रिक्शा में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला का आरोप- लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रही थी- बताया जाता है कि फक्कड़ कॉलोनी निवासी गुड़िया माहौर ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। वह और उनके पति नारायण माहौर मजदूरी करते थे। उन्होंने करीब छह महीने पहले 2 लाख 30 हजार रुपये में एक ई-रिक्शा खरीदा था, जिसे फाइनेंस कराया गया था। उनका उद्देश्य बच्चों की परवरिश के साथ अतिरिक्त आय अर्जित करना और दैनिक मजदूरी से बचना था। गुड़िया के अनुसार, ई-रिक्शा खरीदने के बाद दो महीने भी ठीक से नहीं चला। पिछले चार महीनों से वह लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रही थीं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। एजेंसी के सामने अपने ई-रिक्शा में आग लगा दी- महिला ने आरोप लगाया कि एजेंसी ने ई-रिक्शा की मरम्मत से साफ इनकार कर दिया। इसी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया और एजेंसी के सामने अपने ई-रिक्शा में आग लगा दी। गुड़िया माहौर ने मांग की है कि एजेंसी या तो उनके ई-रिक्शा को पूरी तरह ठीक करे, या उन्हें नया ई-रिक्शा उपलब्ध कराए। यदि ऐसा संभव न हो तो अब तक जमा की गई पूरी रकम वापस दिलाई जाए। पुलिस थाने पहुंचा मामला, मैनेजर ने दी सफाई- इस घटनाक्रम के बाद महिला ने पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं, एजेंसी के मैनेजर शुभम शर्मा ने इस मामले पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा की बैटरी फट चुकी है, जिसे बदला नहीं जा सकता। मैनेजर के अनुसार, महिला को नई बैटरी डलवाने के लिए कहा गया था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हैं। रंजीत गुप्ता/26/02/2026