क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) पारिवारिक विवाद में पत्नी के छोड़कर जाने के बाद एक युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समय पर पहुंचकर उसकी जान बचा ली। घटना तुकोगंज थाना क्षेत्र के पंचम की फेल की है। प्राप्त जानकारी अनुसार फांसी लगाकर सोनू जारवल नामक युवक ने कल देर रात अपने घर में आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही रात करीब 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक युवक फंदे से लटक गया था पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतारा और उसकी जान बचा ली। पुलिस के अनुसार सोनू जारवल की पत्नी कुछ समय पहले आपसी विवाद के चलते उसे छोड़कर चली गई थी। जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान हो उसने यह कदम उठाया। फांसी लगाने से पहले सोनू ने दीवार पर एक नोट भी लिखा था, जिसमें उसने अपनी परेशानी और पत्नी से जुड़े कारणों का जिक्र किया था। यही नहीं उसने फांसी लगाने के पहले शराब भी पी थी। पुलिस ने कार्रवाई के बाद सोनू के माता-पिता और उसकी पत्नी को मौके पर बुला सभी को समझाइश दी। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार फिलहाल युवक की हालत सामान्य है वहीं पुलिस ने अपील जारी की है कि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी या तनाव की स्थिति में ऐसे कदम न उठाएं, बल्कि परिजनों और मित्रों से बात करें तथा आवश्यकता होने पर पुलिस की भी सहायता लें। आनंद पुरोहित/ 06 फरवरी 2026