क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


- प्रश्नों का उत्तर हड़बड़ाकर नहीं आत्मविश्वास के साथ दें - कलेक्टर भिंड ( ईएमएस ) | माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए निर्धारित सेंटरों का जायजा लेने आज कलेक्टर भिण्ड ने शासकीय डाइट परिसर भिण्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा हेतु निर्धारित कक्षों, फर्नीचर की उपलब्धता, डाइट परिसर की बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल की व्यवस्था का मुआयना किया। सभी व्यवस्थाओं को परखते हुए प्रभारी डाइट प्राचार्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जहां भी कमी हो, उसे तत्काल दूर किया जाए। ताकि परीक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें। विक्रमपुरा स्कूल का लिया जायजा कलेक्टर ने एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय विक्रमपुरा का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में चल रही कक्षाओं का भ्रमण कर शिक्षा स्तर की पड़ताल की। कक्षा 6वीं के बच्चों से सरल गुणांक के प्रश्न ब्लैकबोर्ड पर हल करवाए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों का उत्तर दिया। कलेक्टर ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षा या कक्षा में जब भी कोई प्रश्न पूछा जाए तो हड़बड़ाना नहीं चाहिए, बल्कि आत्मविश्वास के साथ उत्तर देना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अच्छे से मन लगाकर पढ़ाई करें। नियमित अभ्यास से सभी विषयों में महारत हासिल की जा सकती है। विद्यालय प्राचार्य से स्कूल की स्वच्छता, शिक्षण सामग्री और शिक्षकों की उपस्थिति पर भी चर्चा की और निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही विद्यालय परिसर सौंदर्यीकरण कराया जाए। बालक छात्रावास का किया भ्रमण कलेक्टर ने डाइट परिसर में संचालित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस बालक छात्रावास का भ्रमण किया। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। डाइनिंग हॉल और शयनकक्षों, स्वच्छता और शौचालय की स्थिति का निरीक्षण किया। विक्रमपुरा विद्यालय प्राचार्य से छात्रों की संख्या, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ जल सहित अन्य जानकारी ली। उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले भोजन, स्वच्छ जल, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही असंतोषजनक व्यवस्थाओं को तत्काल सुधारने का आदेश दिया।