कांकेर (ईएमएस)। कांकेर थाना क्षेत्र अंर्तगत नेशनल हाईवे-30 पर गोविंदपुर स्थित रामदेव टाइल्स के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में दो नाबालिगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए हैं। हादसा जन्मदिन मनाने निकले दोस्तों के समूह के साथ हुआ है। कांकेर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वेदांत का जन्मदिन था। आज शुक्रवार सुबह 6 नालाबिग दोस्त कार से माकड़ी होटल पंजाबी ढाबा में जन्मदिन मनाने के लिए जा रहे थे। इस दौरान नेशनल हाईवे-30 पर गोविंदपुर स्थित रामदेव टाइल्स के सामने कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार सभी बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए । हादसे के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान युवराज और वेदांत ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य चार घायलों का उपचार कांकेर जिला अस्पताल में जारी है। माैके पर पंहुची पुलिस ने घायलाें काे अस्पताल भिजवाकर परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। सुधीर जैन/चंद्राकर/06 फ़रवरी 2026