क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली नगर निगम के 200 दिव्यांग छात्रों ने दिल्ली राज्य पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। पहले दिन 124 पदक जीते और समावेशी शिक्षा की सफलता साबित की। दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अवसर और मंच मिले तो प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित तीसरी दिल्ली राज्य पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में निगम के 200 छात्रों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया। तीसरी दिल्ली राज्य पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 7 फरवरी 2026 तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों के छात्रों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लेकर आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। इस दौरान छात्रों का जोश और अनुशासन देखते ही बन रहा था। दिल्ली नगर निगम के दिव्यांग छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट विकास डागर के मार्गदर्शन और देखरेख में इस प्रतियोगिता में भाग लिया। अनुभवी प्रशिक्षक के सान्निध्य में मिली ट्रेनिंग का असर मैदान पर साफ नजर आया। जहां छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/06/फरवरी/2026