क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | जिले के डबरा में निर्मित नवग्रह शक्ति पीठ मंदिर का शुभारंभ 10 फरवरी को कलश यात्रा के साथ होगा। आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की विशेष उपस्थिति में डबरा पहुँचकर निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं, पार्किंग व्यवस्था, हैलीपेड व्यवस्था के साथ-साथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिये मूलभूत व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नवग्रह शक्ति पीठ मंदिर में 10 फरवरी से आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही बड़ी संख्या में मंदिर परिसर आने वाले श्रद्धालुओं के लिये भी किए गए प्रबंधनों के बारे में जानकारी ली। मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं के संबंध में भी पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से विस्तार से चर्चा कर की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था एवं हैलीपेड पर की गई व्यवस्थाओं के संबंध में भी निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि नवग्रह शक्ति पीठ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके पुख्ता प्रबंध किए जाएं। पार्किंग व्यवस्था एवं अन्य स्थलों पर भी पेयजल की समुचित व्यवस्था हो। प्रकाश व्यवस्था भी सभी जगह हो यह सुनिश्चित किया जाए। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नवग्रह शक्ति पीठ के शुभारंभ अवसर एवं अन्य दिनों में आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष ग्रामीण कौशल शर्मा, वीरेन्द्र जैन, नितिन आनंद वशिष्ठ, विवेक मिश्रा, सुकर्ण मिश्रा, मुकेश परिहार, बंटी गौतम सहित अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, एडीएम सी बी प्रसाद सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।