श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना कमांड क्षेत्र के किसानों एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने कहा कि क्रियान्वयन एजेंसी द्वारा पानी छोडने के दौरान आई समस्याओं लिकेज आदि की निराकरण किया जायें तथा किसान पानी छोडने के लिए अपनी डिमांड कन्ट्रोलरूम पर दर्ज करायें। इसके लिए प्रत्येक गांव में प्रतिनिधि भी बनाये जा सकते है, जो किसानों की डिमांड दर्ज कराने के साथ ही पानी पहुंचने की तस्दीक भी करेंगे। अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपध्याय ने कहा कि पिछली बैठक में लिये गये निर्णय अनुसार कम से कम 10 ग्रामों के किसानों को सिंचाई की सुविधा सुचारू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, इस दौरान क्रियान्वयन एजेंसी द्वारा 10 लूपो पर पानी छोडा गया, कंपनी ने बताया कि पानी छोडने के दौरान लिकेज सामने आये, जिनकी मरम्मत कराई गई है। बैठक में तय किया गया कि आगामी 10 दिन में कंपनी द्वारा ओएमएस बॉक्स तथा लिकेज आदि की समस्याओं को दूर किया जायेगा और किसान अधिक से अधिक डिमांड करेंगे, जिसके आधार पर लूपो में पानी छोडा जायेगा। किसान प्रतिनिधि, किसानो के खेतो में पानी पहुचंने की स्थिति का आंकलन करेंगे। इसके उपरांत 10 दिवस बाद फिर से बैठक रखी जायेगी। कंपनी के प्रतिनिधियों ने किसानों से अनुरोध किया है कि अधिक से अधिक किसान पानी के लिए डिमांड करें, जिससे परियोजना क्षेत्र में समान जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकें। डिमांड एवं अन्य सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9303604976 तथा 8962412305 पर सपंर्क किया जा सकता है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री चैतन्य चौहान, उप संचालक कृषि जीके पचौरिया, परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी डब्ल्यूपीआईएल के दिग्विजय सिंह सहित अन्य अधिकारीगण तथा किसान उपस्थित थे।