क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


० बिलासपुर जेल से छूटते ही रायपुर में 4 दुकानों में की चोरी, पुलिस ने दबोचा रायपुर (ईएमएस)। देशभर में घूम-घूमकर ज्वेलरी शॉप और दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सहित आंध्रप्रदेश, उड़ीसा और दिल्ली में करोड़ों रुपये की चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपी ने बिलासपुर जेल से रिहा होने के अगले ही दिन रायपुर के थाना सिविल लाइन एवं मौदहापारा क्षेत्र में चार दुकानों की छत तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना सिविल लाइन एवं मौदहापारा में अपराध पंजीबद्ध हैं। प्रार्थी शिव कुमार वर्मा ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी लब-डब नामक कपड़े की दुकान, माता गैराज के पास पंडरी में स्थित है। 31 जनवरी–01 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपी ने दुकान का छप्पर तोड़कर प्रवेश किया और गल्ले से लगभग 2.75 लाख रुपये नगद चोरी कर ली। इसी दौरान पास की नोवा फर्नीचर दुकान से 1.40 लाख रुपये तथा डिजाइनर सेनिटेशन एवं हार्डवेयर दुकान से 2.85 रुपये लाख नगद चोरी की गई। तीनों दुकानों से कुल 7 लाख रुपये की चोरी होने पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 56/26, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा मामले की सतत निगरानी की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर घटनास्थलों का निरीक्षण किया गया। घटनाओं के तरीके से स्पष्ट हुआ कि सभी वारदातें एक ही आरोपी द्वारा की गई हैं। इसके बाद आसपास लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और तकनीकी विश्लेषण किया गया। सीसीटीवी फुटेज और डेटाबेस मिलान के आधार पर आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास के रूप में हुई, जो हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने सभी चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने थाना मौदहापारा क्षेत्र के के.के. रोड, गली नंबर-02 स्थित जया ऑटो मोबाइल दुकान की छत तोड़कर चोरी करना भी स्वीकार किया। इस संबंध में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 25/26, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। आरोपी लोकेश श्रीवास के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में कई बड़े चोरी के मामले दर्ज हैं, जिनमें आंध्रप्रदेश (विजयनगर) में ज्वेलरी शॉप से 6 किलो सोना, उड़ीसा में ज्वेलरी दुकान से 500 ग्राम सोना, राजनांदगांव में 7 लाख रुपये के जेवर, दुर्ग के पारख ज्वेलर्स से लगभग ₹4 करोड़ के हीरे व जेवर, दुर्ग स्थित बजाज शोरूम से 9 लाख रुपये की चोरी जैसे मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब तक छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में 24 से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। अन्य मामलों को लेकर उससे विस्तृत पूछताछ जारी है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/06 फरवरी 2026