क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। जिला प्रशासन रायपुर की अभिनव पहल “प्रोजेक्ट आँगन” के अंतर्गत परियोजना आरंग के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल सभा एवं पालक सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास के साथ-साथ पालकों को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के पोषण स्तर की जानकारी पालकों को दी गई तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में संतुलित आहार की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही समुदाय को गर्भावस्था के दौरान मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, सकारात्मक सोच एवं तनाव प्रबंधन के विषय में जागरूक किया गया। विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि मानसिक रूप से स्वस्थ मातृत्व, शिशु के बेहतर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY), जननी सुरक्षा योजना (JSY) सहित अन्य शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे पात्र महिलाएं समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। जिला प्रशासन की इस पहल को उपस्थित पालकों एवं समुदायजनों ने सराहना करते हुए इसे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। ईएमएस, 06 फरवरी, 2026