- शिक्षा के क्षेत्र में 12 करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत ब्यावरा(ईएमएस) विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार के सतत प्रयासों से क्षेत्र के विभिन्न शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अधोसंरचनात्मक विकास से जुड़े आवश्यक कार्यों के लिए 12 करोड़ रूपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृति से विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। स्वीकृत राशि से विद्यालय भवनों के सौंदर्यकरण, पुस्तकालयों, शौचालयों एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों के विकास जैसे कार्य किए जाएंगे। इससे न केवल विद्यार्थियों की सुविधाओं में वृद्धि होगी, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंहके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सशक्त नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित अधोसंरचना और उज्ज्वल भविष्य देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना, लैपटॉप वितरण योजना, साइकिल वितरण योजना, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश योजना, शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा स्कूल चलें हम अभियान जैसी योजनाएं विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विद्यालयों का निर्माण करना नहीं, बल्कि बच्चों को ऐसा वातावरण देना है जहाँ वे आत्मविश्वास के साथ सीख सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें। ब्यावरा विधानसभा में स्वीकृत यह राशि इसी सोच का प्रमाण है। अंत में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। -निखिल कुमार (ब्यावरा)6/2/2026