- राजस्व कार्योंकी समीक्षा बैठक में समयबद्ध कार्य और जनसेवा पर दिया जोर राजगढ़ (ईएमएस) शुक्रवार को मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग मंत्री करण सिंह वर्मा की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष एवं जिला विकास एवं निगरानी समिति सदस्य ज्ञान सिंह गुर्जर, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्रीमती निधि भारद्वाज उपस्थित रहे। बैठक में नामांतरण, सीमांकन, बटवारा, स्वामित्व योजना, किसान रजिस्ट्री एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की प्रगति की प्रतिशतवार गहन समीक्षा की गई। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पर चर्चा कर प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग मंत्री श्री वर्मा ने सभी राजस्व अधिकारियों को फील्ड में रहकर कार्य करने, सुविधाओं पर नहीं बल्कि कर्तव्यों पर ध्यान देने, सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने, पद की गरिमा बनाए रखने तथा अपने दायित्वों के माध्यम से आमजन की सहायता करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के अंत में मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग मंत्री श्री वर्मा ने संकल्प से समाधान मार्गदर्शिका का भी विमोचन किया। साथ ही राजस्व के कर्मचारियों एवं उनके कार्यो की प्रशंसा भी की एवं अतिक्रमण हटाने पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। -निखिल कुमार (राजगढ़)6/2/2026