क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


- घंटो सड़क पर पड़ी रही लाश, पुलिस की कार्यशाली पर उठा सवाल मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के रांटी पेड़ा चौक पर शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। घटनास्थल पर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मधुबनी की ओर से आ रहे बाइक सवार को पीछे से आ रही बंगाल नंबर की 12 चक्का ट्रक ने धक्का मारकर उसके शरीर को सड़क पर घसीटता कुछ दूर तक गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक को घेर कर रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। मृतक की पहचान भैरव स्थान थाना क्षेत्र के खैरा संत नगर के प्रहलाद कुमार कर्ण उर्फ मुन्ना दास के रूप में हुआ। घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक प्रहलाद कुमार कर्ण अपनी एकमात्र पुत्री प्रतीक्षा कर्ण को प्रतिदिन अपने गांव से ड्रीम रीडर लाइब्रेरी रामपट्टी पढ़ने लाया करते थे। शुक्रवार को भी पुत्री को लाइब्रेरी में छोड़कर वह मधुबनी किसी काम से आए थे। वापसी में रांटी पेड़ा चौक पर दुर्घटना के शिकार शिकार हो गए। घटनास्थल पर मृतक का मोटरसाइकिल हेलमेट बिखरा पड़ा था। वहां मौजूद जनसुराज के संदीप कश्यप ने बताया कि वह घटनास्थल के पास ही चाय की दुकान में अपने कुछ साथियों के साथ चाय पी रहे थे. घटना उनकी आंखों के सामने हुई। घटना के संबंध में तत्काल राजनगर थाना को सूचना दी गई पर घटना के दो घंटे बाद तक राजनगर थाना के पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी। * स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम घटना के बाद मृतक के मोबाइल के सिम को निकाल कर दूसरे मोबाइल में सिम लगाकर उनकी पुत्री को संदीप कश्यप ने फोन किया। मौके पर पहुंची मृतक की बेटी का रो-रो कर बुरा हाल था। वह बार-बार अपने पिता के बारे में पूछ रही थी। स्थानीय लोग उन्हें पकड़ कर सांत्वना दे रहे थे। घटना से आहत स्थानीय लोगों ने आनन फानन में मधुबनी-झंझारपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। * पुलिस की कार्यशैली पर उठा सवाल घटना के 2 घंटे बाद राजनगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। राजनगर थाना की पुलिस ने ना तो मृतक को अस्पताल पहुंचाया ना ही मृतक की पुत्री को ही किसी प्रकार का भरोसा दिलाया। पुलिस ट्रक के ड्राइवर को स्थानीय लोगों के पास से अपने कब्जे में लेकर राजनगर थाना के लिए प्रस्थान कर गई। ड्राइवर को पुलिस द्वारा अपने साथ ले जाने पर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। स्थानीय युवक दीपेश कुमार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने के बजाय ड्राइवर को बचाने में तत्परता दिखाई। पुलिस का यह कार्य मानवता को शर्मसार करता है। संवाद प्रेषण तक मृतक के शव को उठाया नहीं जा सका था। राजनगर थानाध्यक्ष चंद्र किशोर टुडू ने बताया कि वह सीओ साहब के साथ घटनास्थल पर जा रहे हैं। स्थानीय लोगों से बातचीत कर लाश को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जाएगा। कार्तिक कुमार/संतोष झा- ०६ फरवरी/२०२६/ईएमएस