क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के कार्यों की समीक्षा हेतु कैम्प कार्यालय पर गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं पीड़ित सहायता से जुड़े सभी पहलुओं का मूल्यांकन किया गया। समीक्षा के दौरान महिला अपराध से संबंधित गंभीर एवं पुनरावृत्त प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध गुण्डा एक्ट के अंतर्गत कठोर व प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति केन्द्रों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए 307 प्रकरणों में काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को मिलाने की सराहना की गई। विगत माह में 103 शोहदों की गिरफ्तारी कर 126/135/170 बीएनएसएस के तहत की गई कार्रवाई को प्रभावी बताया गया। जन जागरूकता अभियानों के अंतर्गत 1,026 स्थानों पर लगभग 24,893 महिलाओं व छात्राओं को जागरूक किए जाने की जानकारी दी गई। समीक्षा में जनशक्ति, प्रशिक्षण, एण्टी रोमियो टीमों की सक्रियता, संवेदनशील स्थानों पर गश्त, लंबित शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा स्कूल, कॉलेज व सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही मिशन शक्ति केन्द्रों को और सुदृढ़ कर पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता, काउंसलिंग एवं कानूनी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उक्त के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध श्रीमती नम्रिता श्रीवास्तव एवं प्रत्येक थानों के मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारी उपस्थित रहे । डॉ नरसिंह राम/06/02/2026