क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


- अपनों को देख छलकी गुरुओं की आंखें - सेंट अर्नाल्ड्स स्कूल में दशक भर बाद ग्रैंड एलुमनाई मीटअप की धूम, तकनीक के जरिए सात समंदर पार से भी जुड़े पूर्व छात्र इंदौर (ईएमएस)। शहर के प्रतिष्ठित सेंट अर्नाल्ड्स स्कूल में बीते दिन भावनाओं का ज्वार उस समय उमड़ पड़ा, जब एक दशक के लंबे अंतराल के बाद ग्रैंड एलुमनाई मीटअप 2026 का आयोजन किया गया। स्कूल के प्रांगण में वर्ष 2004 से लेकर 2026 तक के विभिन्न बैचों के सैकड़ों पूर्व छात्र अपनी पुरानी यादों को ताजा करने पहुंचे। समारोह के मुख्य अतिथि संस्था के पूर्व प्राचार्य फादर कैजेटन डी मेलो थे। अपने द्वारा पढ़ाए गए छात्रों को वर्षों बाद बड़ी उपलब्धियों और जिम्मेदार पदों पर आसीन देखकर वे भाव-विभोर हो उठे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, एक शिक्षक के लिए उसके शिष्यों की सफलता ही दुनिया की सबसे बड़ी पूँजी होती है। इस अवसर पर विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों की उपस्थिति ने माहौल को और भी गरिमामयी बना दिया। सभी गुरुजनों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव विद्यालय के नए एलुमनाई पोर्टल का लाइव लोकार्पण रहा। प्राचार्य फादर पायस सिरियाक, फादर कैजेटन डी मेलो एवं विद्यालय प्रबंधन ने संयुक्त रूप से इस डिजिटल मंच का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से दुनिया के किसी भी कोने में बसे पूर्व छात्र अपने मूल संस्थान और सहपाठियों से निरंतर संपर्क में रह सकेंगे। तकनीक के प्रभावी उपयोग के चलते विदेश में बसे सैकड़ों प्रवासी छात्र भी वर्चुअली इस उत्सव का हिस्सा बने। समारोह के बौद्धिक सत्र में वर्ष 2007 बैच के पूर्व छात्र और मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी चंद्रकांत पटेल ने वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा के बढ़ते खतरों पर सारगर्भित उद्बोधन दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद नायर ने नई समिति का परिचय देते हुए स्पष्ट किया कि यह संघ केवल मेल-मिलाप तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सत्यनिष्ठा और सेवाभाव के साथ भविष्य में कौशल विकास और परोपकारी कार्यों का सशक्त माध्यम बनेगा। अंत में, संघ को आर्थिक सहयोग देने वाले छात्रों का अभिनंदन किया गया। स्कूल प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के नेटवर्किंग कार्यक्रमों को निरंतरता देने का संकल्प लिया। प्रकाश/6 फरवरी 2026