क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


- 24 फरवरी से शुरू होगा सेवा का महाकुंभ; 500 दृष्टिबाधित बच्चे हनुमान चालीसा का पाठ कर बनाएंगे वर्ल्ड रिकॉर्ड :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश एनजीओ महासंघ द्वारा आगामी 24 फरवरी से आयोजित होने वाले एनजीओ सेवा सप्ताह 2026 की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इस उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करने वाले आधिकारिक पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को इंदौर प्रेस क्लब में गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मीडिया जगत की प्रमुख हस्तियों सहित समाजसेवियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। महासंघ के प्रतिनिधि शशि सातपुते ने जानकारी दी कि 24 फरवरी से 7 मार्च तक चलने वाले इस सेवा सप्ताह का हर दिन एक नए संकल्प को समर्पित होगा। अभियान का आगाज़ 24 फरवरी को नि:शुल्क हेल्थ चेकअप शिविर से होगा, वहीं 25 फरवरी को युवाओं के भविष्य को संवारने हेतु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक समरसता को दर्शाने के लिए 27 फरवरी को विश्व एनजीओ दिवस के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक राजवाड़ा पर 5100 दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। समारोह का सबसे प्रतीक्षित पड़ाव 28 फरवरी को रणजीत हनुमान मंदिर परिसर में दिखेगा। यहाँ आयोजित फाग उत्सव में 500 से अधिक दृष्टिबाधित बच्चे सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। महासंघ का लक्ष्य इस भक्तिमय आयोजन के माध्यम से एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करना है। इसके पश्चात 1 मार्च को यूनाइटेड मध्य प्रदेश मैराथन और 2 मार्च को यातायात जागरूकता के लिए कार-टैक्सी रैली निकाली जाएगी। विमोचन अवसर पर इंदौर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविन्द तिवारी, वर्तमान अध्यक्ष दीपक कर्दम, महासचिव प्रदीप जोशी सहित संजय त्रिपाठी, प्रियंका पाण्डेय एवं वरिष्ठ समाजसेवी अशोक यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजेश बिड़कर, सलीम शेख, राहुल जैन, शालिनी दीदी, श्रेयांश जैन सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों ने शिरकत की। सेवा के इस अनुष्ठान का विधिवत समापन 7 मार्च को ढक्कन वाला कुआ स्थित ग्रामीण हाट बाजार में होगा, जहाँ समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं को एनजीओ सम्मान से नवाजा जाएगा। आयोजन में सूर्योदय स्माल फाइनेंस बैंक, ऑरबोसिस ग्लोबल और जेएमबी फिल्म प्रोडक्शन जैसे संस्थानों का तकनीकी व प्रबंधकीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। प्रकाश/6 फरवरी 2026