खेल
07-Feb-2026
...


टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच से ठीक पहले बड़ा झटका नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय टीम आज अमेरिका के खिलाफ मुकाबले के साथ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत करेगी यह मैच शाम 7बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना हैं, लेकिन इससे पहले टीम को लगातार फिटनेस समस्याओं ने गहरा झटका दिया है। सबसे बड़ी चिंता तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी है, जो वायरल बुखार की वजह से पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में टीम के ट्रेनिंग सेशन में तो पहुंचे, लेकिन उन्होंने अभ्यास में हिस्सा नहीं लिया, जिससे स्पष्ट हो गया कि वह शुरुआती मैच से बाहर रहेंगे। बुमराह की अनुपस्थिति के साथ ही भारत के पास टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले केवल 13 खिलाड़ी पूरी तरह फिट बचे हैं। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर अभी तक टीम से नहीं जुड़ पाए हैं क्योंकि वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच एक और बड़ा झटका तब लगा जब बीसीसीआई ने शुक्रवार रात आधिकारिक रूप से बताया कि तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। राणा को इस सप्ताह की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोट लगी थी। उन्होंने मैच में सिर्फ एक ओवर फेंका था और 16 रन देने के बाद घुटना पकड़कर मैदान से बाहर चले गए थे। विशेषज्ञ की सलाह और स्कैन रिपोर्ट देखने के बाद बीसीसीआई मेडिकल टीम ने उन्हें टूर्नामेंट के लिए अनफिट घोषित कर दिया। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बयान जारी कर कहा, “हर्षित राणा को 4 फरवरी को नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोट लगी थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अनफिट पाया गया है। टीम मैनेजमेंट उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है।” राणा की जगह तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है और बुमराह की गैरमौजूदगी में सिराज के आज रात प्लेइंग इलेवन में उतरने की पूरी संभावना है। टीम इंडिया अब सिर्फ 13 उपलब्ध फिट खिलाड़ियों के साथ अपना अभियान शुरू कर रही है, जिससे टीम संयोजन को लेकर चुनौतियां और बढ़ गई हैं। भारत की नज़र इस बार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतकर इतिहास रचने पर है, लेकिन लगातार चोटों और फिटनेस समस्याओं ने शुरुआती चरण में ही टीम के सामने बड़ी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। टीम को उम्मीद है कि आगामी मैचों तक बुमराह और अन्य खिलाड़ी जल्दी फिट होकर वापस टीम संयोजन को मजबूत करेंगे। भारत की अपडेटेड टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज। डेविड/ईएमएस 07 फरवरी 2026