बिलासपुर (ईएमएस)। टिकरापारा तारबाहर चौक में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के अंतर्गत गुरुवार को श्रद्धालुओं को सुदामा चरित्र एवं राजा परीक्षित मोक्ष की मार्मिक कथा का श्रवण कराया गया। कथा व्यास आचार्य राजेंद्र ने संगीतमय शैली में प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भक्ति, मित्रता, त्याग और वैराग्य का संदेश दिया। सुदामा-श्रीकृष्ण की मित्रता के प्रसंग में उन्होंने बताया कि सच्ची मित्रता वैभव और ऐश्वर्य पर नहीं, बल्कि प्रेम, समर्पण और आत्मीयता पर आधारित होती है। वहीं राजा परीक्षित के मोक्ष प्रसंग के माध्यम से मानव जीवन की नश्वरता, सत्संग की महिमा तथा ईश्वर-स्मरण के महत्व को सरल शब्दों में समझाया गया। कथा के दौरान भजनों और कीर्तन से पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया और श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। यह आयोजन स्वर्गीय गीता देवी यादव के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन कन्हैया लाल यादव, सतीश यादव, तोषी यादव, मनीष यादव, रश्मि यादव, शारदा यादव, जय कुमार यादव एवं रामचंद्र यादव द्वारा किया जा रहा है। आयोजन में डॉ. कालीचरण यादव, जिला पंचायत के पूर्व सभापति मीनू सुमंत यादव, हेमंत यादव, प्रदीप यादव, योगेंद्र यादव, नंदकुमार यादव, गरीबा यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा स्थल पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।