क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


- हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद पुलिस सख्त, एक दर्जन डीजे वाहन जब्त बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात अव्यवस्था पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने डीजे वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा डीजे और कोलाहल को लेकर सख्त नाराजगी जताए जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नियम तोडऩे वाले डीजे वाहनों को जब्त कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में पुलिस द्वारा शुक्रवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करते पाए गए एक दर्जन से अधिक डीजे वाहनों पर कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई कोलाहल नियंत्रण अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत की गई है। इन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई थाना सरकंडा क्षेत्र अंतर्गत मार्क हॉस्पिटल के पास तेज ध्वनि में डीजे बजाते पाए जाने पर वाहन को जब्त कर थाना लाया गया। वहीं थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में तिफरा काली मंदिर के पास खड़े डीजे वाहन क्रमांक सीजी-11 एबी 1940 एवं सीजी-10 बीएच 4895 नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में राजीव गांधी चौक एवं रिंग रोड नंबर-2 के पास खड़ी दो डीजे गाडियों में साउंड सिस्टम निर्धारित सीमा से बाहर निकला हुआ तथा तय ऊंचाई से अधिक पाया गया। इस पर पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए डीजे सिस्टम हटवाया। इसके अलावा बिल्हा, मस्तूरी और हिर्री थाना क्षेत्रों में भी नियम तोडऩे वाले डीजे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन करने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, इसके लिए आरटीओ को भी पत्र प्रेषित किया गया है। बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, अन्यथा ऐसे अभियानों के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 07 फरवरी 2026