बिलासपुर (ईएमएस)। रात्रि के सन्नाटे का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोर को बिल्हा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी की रात बिल्हा रेलवे स्टेशन स्थित शासकीय क्वार्टर के पास गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को सिर में लाल गमछा बांधे पुलिस को देखकर छिपते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान अशोक दास मानिकपुरी (27 वर्ष) निवासी कर्मा, थाना सीपत के रूप में हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बिल्हा और चकरभाठा क्षेत्र में चार अलग-अलग स्थानों पर रात्रि चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का एक लैपटॉप, 12 पैकेट सिगरेट और 2 पैकेट राजश्री बरामद किए। आरोपी ने चोरी की नकदी खर्च कर देना बताया। आरोपी के खिलाफ थाना बिल्हा में चार अलग-अलग अपराध क्रमांक दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देकर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 07 फरवरी 2026