क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जांजगीर और चांपा के बीच प्रस्तावित हाईलेवल ब्रिज निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। लंबे समय से अवैध कब्जों के कारण यह परियोजना अटकी हुई थी। लछनपुर क्षेत्र में चिह्नित भूमि पर कब्जा होने से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी, लेकिन प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से कब्जा हटाकर निर्माण का रास्ता साफ कर दिया। प्रशासन ने पहले ही अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर समय दिया था। सड़क किनारे लंबे समय से संचालित कई दुकानों को हटाया गया है। जानकारी के अनुसार हसदेव नदी पर बनने वाले इस हाईलेवल ब्रिज के निर्माण पर करीब 15 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। जांजगीर की ओर भूमि अधिग्रहण और अवैध कब्जा सबसे बड़ी बाधा थे। कब्जा हटने के बाद अब सेतु विभाग एप्रोच रोड के लिए उपयुक्त जमीन तलाश रहा है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। पुल के साथ यातायात सुचारू रखने के लिए पहुंच मार्ग भी तैयार किया जाएगा, जिसके लिए आसपास की कुछ शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाया गया है। दरअसल जांजगीर-चांपा मार्ग पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। नवरात्र के दौरान गेमन पुल पर जाम की स्थिति बनी थी, वहीं 18 अक्टूबर को गिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर पुल की रेलिंग से टकरा गया था, जिससे उसका इंजन नीचे लटक गया था। ड्राइवर और हेल्पर ने कूदकर जान बचाई थी। पूर्व में भी बाइक सवार कई दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। नया हाईलेवल ब्रिज बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होने और हादसों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 फरवरी 2026