हिमाचल में 10-11 को फिर होगी बारिश- बर्फबारी, दिल्ली में चलेंगी सर्द हवाएं नई दिल्ली,(ईएमएस)। अब मौसम बदल हो रहा है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में सर्दी फिर बढ़ गई, वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में फरवरी के पहले ही हफ्ते में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर गया। हरियाणा के कई जिलों में 25 डिग्री तक पहुंचा गया है। इस बार दिल्ली एनसीआर में 15 दिन पहले ही गर्मी शुरु हो सकती है। उधर, शुक्रवार को मप्र के भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत कई शहरों में तापमान 11 डिग्री रहा। वहीं खजुराहो में तापमान 6.6 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल और उत्तराखंड में 9 फरवरी से बारिश-बर्फबारी हो सकती है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। बिहार के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। कई जगहों पर विजिबिलिटी 0 रही। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में शनिवार को तेज सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई है। राजस्थान में पारा 32 डिग्री के ऊपर पहुंचा गया। प्रदेश में तापमान बढ़ने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश के सभी शहरों में दिन में तेज धूप रही, जिससे तापमान में 1 से 4 डिग्री बढ़ोतरी हुई। बाड़मेर में तापमान 32 डिग्री से ऊपर चला गया। फतेहपुर और नागौर में सर्दी बरकरार रही, यहां तापमान 3.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अगले पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड में चार शहरों में कोहरा छाया रहा। गंगोत्री में माइनस 23 डिग्री तक गिरा पारा राज्य के सभी जिलों में आज बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। शनिवार सुबह हरिद्वार, हल्द्वानी, अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर के खटीमा में कोहरा छाया रहा। उत्तरकाशी के गंगोत्री में पारा चारों धामों के मुकाबले सबसे नीचे चल रहा है, जहां लगातार माइनस तापमान के कारण कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हिमाचल प्रदेश में कोहरे ने सर्दी दी है। 10-11 को फिर से बारिश-बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में शनिवार और रविवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 9 फरवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इस दिन अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जबकि 10-11 फरवरी को पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश-बर्फबारी होगी। वहीं छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर कम हुआ है। 32 डिग्री के साथ राजनांदगांव सबसे गर्म रहा। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री अंबिकापुर में रहा। अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। सिराज/ईएमएस 07फरवरी26 --------------------------------