राहुल गांधी ने कहा- यह हादसा नहीं, हत्या है, इसकी जिम्मेदारी सरकार की नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत मामले में पुलिस ने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों और कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। जल बोर्ड ने तीन अधिकारियों को सस्पेंड भी कर दिया है। इनमें एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल हैं। वहीं, डीजेबी ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की बात कही है। मीडिया रिपोर्टे के मुताबिक लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा यह हादसा नहीं, हत्या है। इसकी जिम्मेदारी सरकार की है और वह जवाबदेही से भाग रही है। कातिल सड़क नहीं, गैरजिम्मेदार सत्ता है। राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा कि हिंदुस्तान में फैली लालच और लापरवाही की महामारी आज फिर एक युवा की जान ले गई। एक बेटा, एक सपना, मां-बाप की पूरी दुनिया, सब कुछ एक झटके में उजाड़ दिया। यह हादसा नहीं, हत्या है और हत्यारी है जवाबदेही से भागती सत्ता। असली कातिल सड़क नहीं, गैरजिम्मेदार सत्ता है। क्योंकि यहां न इस्तीफा होता है, न सजा मिलती है, न किसी की अंतरात्मा जागती है। वहीं दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुझे इस दुखद घटना की जानकारी सुबह करीब 8:30-9:00 बजे मिली और वह मौके पर पहुंचे। यह बहुत दुखद घटना है जिसमें एक जवान युवक की असमय मौत हो गई। अब तक मिली जानकारी के आधार पर, सभी ज़रूरी सावधानियां बरतने और जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी की तरफ से कोई लापरवाही पाई जाती है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। बता दें 5 फरवरी की देर रात कमल भयानी (25) की दिल्ली जल बोर्ड की कंस्ट्रक्शन साइट पर खोदे गड्ढे में गिरकर मौत हुई। 6 फरवरी की सुबह 8 बजे सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसके बाद कमल का शव निकाला गया। वह कैलाशपुरी का रहने वाला था और प्राइवेट बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था। सिराज/ईएमएस 07फरवरी26 ------------------------------