राष्ट्रीय
07-Feb-2026


सुकमा/बीजापुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के दक्षिणी बस्तर इलाके में माओवादी संगठन को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। सुकमा और बीजापुर जिलों में पिछले 24 घंटों के भीतर कुल 51 सक्रिय माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोडक़र समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया है। आत्मसमर्पण करने वाले इन कैडरों पर कुल 1 करोड़ 61 लाख रुपये का सामूहिक इनाम घोषित था। सुकमा जिले में 21 खूंखार नक्सलियों ने बस्तर आईजी सुंदरराज पी. और एसपी किरण चव्हाण के समक्ष सरेंडर किया। इन नक्सलियों पर 76 लाख रुपये का इनाम था। समर्पण की खास बात यह रही कि नक्सलियों ने केवल खुद को पुलिस के हवाले नहीं किया, बल्कि अपने साथ एसएलआर, एके-47, बीजीएल लॉन्चर और अन्य अत्याधुनिक ऑटोमेटिक हथियार भी सौंपे। ये सभी नक्सली बस्तर में हुई कई बड़ी और घातक घटनाओं में सीधे तौर पर शामिल रहे हैं। विनोद उपाध्याय / 07 फरवरी, 2026