कोटा (ईएमएस)। राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में उस समय एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू टीम मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों को निकालने में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है, फिलहाल अभी तक सही संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य को तेज कर दिया है। हालांकि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।