राष्ट्रीय
07-Feb-2026


पटना (ईएमएस)। बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय लोकसभा सांसद पप्पू यादव को आधी रात में गिरफ्तार किया गया था। अब कोर्ट ने उन्हें दो दिनों की न्यायिक हिरासत पर भेज दिया है। उनकी जमानत पर अब सोमवार को सुनवाई होगी। पप्पू यादव को पटना पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया था। कांग्रेस से जुड़े सांसद पप्पू यादव फिलहाल इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती रहेंगे। एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई के दौरान न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया है। अब इस मामले में सोमवार को एक बार फिर सुनवाई होगी। गौरतलब है कि पप्पू यादव को देर रात उनके पटना स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में शहर के एसपी भानु प्रताप ने बताया कि उनके खिलाफ 1995 से एक ट्रायल कोर्ट केस चल रहा है। वारंट जारी किया गया था और उन्हें अदालत में पेश होना था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। पेश न होने के कारण उनकी गिरफ्तारी की गई। पटना एसपी भानु प्रताप ने बताया कि यह गर्दानीबाग पुलिस स्टेशन का मामला है। विनोद उपाध्याय / 07 फरवरी, 2026