पटना, (ईएमएस)। बिहार में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री को गति देने के लिए चल रहे तृतीय चरण के विशेष अभियान की तिथि बढ़ा दी गई है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह अभियान 02 फरवरी से 06 फरवरी तक चल रहा था, जिसे अब विस्तारित करते हुए 11 फरवरी तक संचालित करने का निर्णय लिया गया है। प्रधान सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सीके अनिल तथा प्रधान सचिव, कृषि विभाग नर्मदेश्वर लाल द्वारा सभी जिला पदाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि अब तक राज्य में 43 प्रतिशत किसानों का फार्मर आईडी तैयार किया जा चुका है। भारत सरकार से एससीए योजना की द्वितीय किस्त प्राप्त करने के लिए 50 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करना अनिवार्य है। निर्देशों के अनुसार सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विस्तारित तिथि की जानकारी दी जाएगी तथा कैम्प की तिथि और स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा। कैम्प में आने वाले किसानों का ई-केवायसी सत्यापन, बकेट क्लेम की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए फार्मर आईडी तैयार कराने पर विशेष बल दिया गया है। राज्य सरकार ने जिलों को निर्देशित किया है कि फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में संलग्न सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से अभियान में भाग लें, ताकि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण शीघ्रता से सुनिश्चित किया जा सके। संतोष झा- ०७ फरवरी/२०२६/ईएमएस